सारंगढ़-बिलाईगढ़। भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जिला सह प्रभारी एवं भाजपा नेत्री विद्या सिदार पर पत्रकारों के साथ अपमानजनक व्यवहार करने के आरोप लगने के बाद जिला प्रेस क्लब ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रेस क्लब ने इस पूरे घटनाक्रम को पत्रकारिता की गरिमा और मीडिया की स्वतंत्रता पर आघात बताते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल को लिखित ज्ञापन सौंपकर सार्वजनिक माफीनामे की मांग की है।
मामला 9 नवंबर 2026 को भाजपा द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह का है। कार्यक्रम में जिला प्रेस क्लब के सदस्यों सहित पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था। प्रेस क्लब के पत्र के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान जिला सह प्रभारी विद्या सिदार द्वारा पत्रकारों के मोबाइल फोन बंद करवाने और मोबाइल फोन छीनने जैसा आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान पत्रकार योगेश कुर्रे सहित मौके पर मौजूद अन्य पत्रकारों के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर प्रेस क्लब ने गंभीर नाराजगी जताई है।

बैठक में निंदा प्रस्ताव, 7 दिन का अल्टीमेटम
घटना के बाद जिला प्रेस क्लब की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। क्लब ने भाजपा नेत्री विद्या सिदार से पत्रकारों एवं जिला प्रेस क्लब के प्रति किए गए कथित व्यवहार के लिए लिखित रूप में सार्वजनिक माफीनामा प्रस्तुत करने की मांग की है। इसके लिए सात दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
माफी नहीं तो कार्यक्रमों का बहिष्कार
प्रेस क्लब ने अपने पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित सात दिनों के भीतर सार्वजनिक माफीनामा प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो भविष्य में जिन भी सार्वजनिक, राजनीतिक अथवा अन्य कार्यक्रमों में विद्या सिदार शामिल होंगी, जिला प्रेस क्लब उन कार्यक्रमों का पूर्ण बहिष्कार करेगा।
भाजपा संगठन के सामने भी खड़े हुए सवाल
इस पूरे मामले ने भाजपा संगठन के सामने भी असहज स्थिति पैदा कर दी है। सवाल यह है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमंत्रित पत्रकारों के साथ इस तरह का कथित व्यवहार कितना उचित है? क्या पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सवाल पूछने और घटनाक्रम को कैमरे में दर्ज करने की स्वतंत्रता नहीं होनी चाहिए?
फिलहाल जिला प्रेस क्लब ने भाजपा जिला अध्यक्ष से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई और सार्वजनिक माफीनामा सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि भाजपा संगठन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और विद्या सिदार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।





