मालखरौदा थाना क्षेत्र में पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मालखरौदा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त थाना प्रभारी वी.एन. शर्मा ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न चौकियों के प्रभारी एवं क्षेत्र के पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में थाना प्रभारी वी.एन. शर्मा ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। दोनों के बीच बेहतर तालमेल होने से आम जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनहित के मुद्दों पर पत्रकारों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी पत्रकारों एवं पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे का परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने पत्रकारों के सुझाव भी सुने और आवश्यकतानुसार उन पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पत्रकारों ने भी निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक समाचारों के माध्यम से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की बात कही। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।


