सारंगढ़ में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान और एक भाजपा कार्यकर्ता के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ने लगा और कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने घटनाक्रम को अपने कैमरों में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
लेकिन भाजपा की अंदरूनी खींचतान को कैमरे में कैद करना कुछ लोगों को नागवार गुजर गया। आरोप है कि, भाजपा नेत्री विद्या सिदार ने वीडियो बना रहे पत्रकारों के मोबाइल बंद कराने की कोशिश की। इतना ही नहीं, पत्रकारों के मोबाइल को लेकर छीना-झपटी की स्थिति भी निर्मित हुई।
इस दौरान पत्रकारों से यह कहते हुए आपत्ति जताई गई कि “आपको किसने बुलाया है? यह हमारा घर का कार्यक्रम है, हमारे घर की बात आप क्यों रिकॉर्ड कर रहे हैं?” साथ ही पत्रकारों को विरोधी बताते हुए भविष्य में ऐसे पत्रकारों को कार्यक्रम में नहीं बुलाने जैसी बातें भी कही गईं।
इस पूरे घटनाक्रम पर जब पत्रकारों ने आपत्ति जताई तो आरोप है कि भाजपा नेत्री विद्या सिदार ने पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया और अमर्यादित टिप्पणियां कीं।
घटनाक्रम के वीडियो में भाजपा नेत्री विद्या सिदार पत्रकारों के साथ तीखी बहस और दुर्व्यवहार करती नजर आ रही हैं।





