Sakti : अनवर अली के प्रभार लेते ही बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी का भंडाफोड़

राकेश साहू की रिपोर्ट…

सक्ती. जिले के पुलिस चौकी फगुरम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनवर अली ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और दो अपचारी बालकों को गांजा परिवहन करते गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में फगुरम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनवर अली द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी।
दिनांक 15 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिल में कुछ लोग ग्राम भांटा-परसा रोड से अवैध गांजा परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने यश पेट्रोल पंप के सामने नाकाबंदी कर रेड कार्रवाई की।
जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल हीरो होंडा पैशन प्रो (CG 11 CA 6383) में सवार दो अपचारी बालक नितिन कुमार महिलांगे और शुभम बरेठ के कब्जे से सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 3 पैकेट गांजा बरामद किया गया। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर (CG 11 BU 5457) में सवार आरोपी गोपी साहू (20 वर्ष) निवासी पिहरीद थाना मालखरौदा के पास से लाल-पीले झोले में रखे 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6.194 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 81 हजार 550 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के पास गांजा रखने या परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी और अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनवर अली के साथ प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर, आरक्षक नान्हीराम यादव, फारूख खान, अनिल रात्रे, दिनेश पटेल और अविनाश देवांगन का विशेष योगदान रहा।

Related News